लखनऊ (एजेंसी)। करीब 37 साल के लंबे अंतराल के बाद लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने का इतिहास रचने जा रहे योगी आदित्यनाथ की ताजपोशी का गवाह शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 50 हजार से अधिक मेहमान बनेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 25 मार्च को शाम 4 बजे से शुरू होगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिये भाजपा और प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कई केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
राजधानी लखनऊ को इस खास मौके के लिये विशेष रूप से सजाया संवारा गया है। तिरंगे की रोशनी से सजे चौक चौराहे, दुकानों पर भगवा रंग से लहराते झंडे,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के बड़े-बड़े कटआउट, फूलों से सजे मंदिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार की तस्कीद करते दिखायी दे रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या,वाराणसी, मथुरा समेत अन्य जिलों में भी यही नजारा दिख रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनाईक, भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) की अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष के अलावा मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को न्योता भेजा गया है। इसके अलावा 11 राज्यों के मुख्यमंत्री और पांच राज्यों के उपमुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिये आयोजन स्थल पर मौजूद रहेंगे।
भाजपा के सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश भर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इकाना स्टेडियम की क्षमता करीब 55 हजार दर्शकों की है। इसके अलावा मैदान पर भी अतिविशिष्ट मेहमानों, विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गयी है।
शपथ ग्रहण का भव्य नजारा स्टेडियम पर लगी विशाल स्क्रीन पर देखा जा सकेगा जबकि स्टेडियम के बाहर और शहर के कई हिस्सों में शपथ ग्रहण समारोह का सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गयी है। इस दौरान स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के जवान तैनात किये गये है।