पैर छूकर लिया आशीर्वाद, फिर गले लगाया…
नई दिल्ली (एजेंसी)। एडमिरल आर हरि कुमार के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास था। देशभर की नजरें उन पर थीं। इस दिन कुमार ने भारतीय नौसेना की कमान अपने हाथों में ली। वह नेवी के नए चीफ बने। हालांकि, कार्यभार संभालने के उनके अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसने देश की सभी मांओं की छाती फख्र से ऊंची कर दी। कुमार की भाव-भंगिमा ने देश के तमाम लाडलों को भी बड़ा मैसेज दे डाला। संदेश- मां का दर्जा दुनिया में सबसे ऊंचा है।
एडमिरल आर हरि कुमार ने मंगलवार को भारतीय नौसेना के नए प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। लोग जहां संस्कारों को पीछे छोड़ रहे हैं। वहीं, कुमार ने इन्हें आगे बढ़ाते हुए मिसाल पेश की। राजधानी में साउथ ब्लॉक में एक बड़े समारोह में नौसेना की बागडोर संभालने के तुरंत बाद वह सबसे पहले अपनी मां के पास गए। वहां झुककर उन्होंने मां के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। फिर काफी देर तक उन्हें अपने गले से लगाकर रखा। ये तस्वीरें बेहद भावुक करने वाली थीं। ये भावी पीढिय़ों को हमारे संस्कारों के बारे में सीख देती रहेंगी। मां-बेटे का प्यार देखते ही बन रहा था।
एडमिरल करमबीर सिंह के रिटायर होने के बाद एडमिरल आर हरि कुमार ने मंगलवार को नेवी चीफ के रूप में कार्यभार संभाल लिया। एडमिरल कुमार नेवी की बागडोर संभालने से पहले पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत थे।