दुबई (एजेंसी)। भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने साल 2021 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना है। उन्हें रेचल हेहो-फ्लिंट ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। एलीस पेरी के बाद दो बार यह ट्रॉफी जीतने वाली वह विश्व की सिर्फ दूसरी महिला क्रिकेटर हैं। स्मृति का नाम आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ महिला टी20 खिलाडिय़ों की सूची में भी था, लेकिन यह पुरस्कार इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने जीता। वहीं दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज लिजेल ली को साल 2021 का सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे क्रिकेटर चुना गया।
स्मृति ने इससे पहले 2018 में सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर और सर्वश्रेष्ठ वनडे महिला क्रिकेटर का $खिताब जीता था। झूलन गोस्वामी ने यह खिताब 2007 में जीता था। इस तरह स्मृति यह पुरस्कार जीतने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय महिला भी हैं। 2021 में उन्होंने 22 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में एक शतक और पांच अर्धशतक की मदद से 38.86 के औसत से 855 रन बनाए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गोल्ड कोस्ट डे-नाइट टेस्ट में 127 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उनका नाम आईसीसी की सालाना महिला टी20 टीम में भी शामिल है।
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को साल 2021 का सर्वश्रेष्ठ पुरूष टेस्ट क्रिकेटर घोषित किया गया है। उन्होंने 2021 में 15 टेस्ट में छह शतकों की मदद से 1708 रन बनाए। रूट ने श्रीलंका और भारत के दौरों पर शतक लगाया, जहां पर उनकी टीम के अन्य बल्लेबाज स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे। भारत के खिलाफ सीरीज में उन्होंने एक पारी में पांच विकेट के साथ कुल 14 विकेट भी लिए थे। इसके बाद जब भारतीय टीम इंग्लैंड गई तब भी उन्होंने शतक जड़ा।
वहीं अगर सीमित ओवर की क्रिकेट की बात करें, तो यहां पर पाकिस्तानी खिलाडिय़ों का दबदबा रहा। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को साल का सर्वश्रेष्ठ पुरूष वनडे क्रिकेटर तो विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को सर्वश्रेष्ठ टी20 क्रिकेटर चुना गया। बाबर ने साल 2021 में छह वनडे मैचों में 67.50 के औसत से 405 रन बनाए।