132 करोड़ के हाई लेवल पुल का किया शिलान्यास
डूंगरपुर (प्रात:काल संवाददाता)। राहुल गांधी और सीएम गहलोत ने 132 करोड़ की लागत से बनने वाले हाई लेवल पुल का डेमो देखा और शिलान्यास किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने बेणेश्वर धाम पर तीनों मंदिरों के दर्शन किए और महंतों का आशीर्वाद लिया। राहुल गांधी और मुख्यमंत्री गहलोत ने 132 करोड़ की लागत से बनने वाले हाई लेवल पुल का शिलान्यास किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सीएम गहलोत के बेणेश्वर धाम पहुंचने पर मंत्री अर्जुन बामनिया, पूर्व प्रधान महेंद्रसिंह बरजोड समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कार से सबसे पहले बेणेश्वर धाम पर वाल्मिकी मंदिर पहुंचे। कांग्रेस नेता गौरव यादव समेत कई लोगो ने पगड़ी पहनाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया। राहुल गांधी और अशोक गहलोत ने वाल्मिकी मंदिर में दर्शन किए। सेवादार बसंतलाल मीणा ने पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद राहुल गांधी और सीएम गहलोत बेणेश्वर धाम शिवालय पहुंचे। मंदिर में दर्शन, पूजा-अर्चना करने के बाद वे राधा कृष्ण मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने महंत अच्युतानंद महाराज से आशीर्वाद लिया।