नई दिल्ली (एजेंसी)। आईपीएल 2022 से डेब्यू कर रही दो नई टीमों में से एक का नाम सामने आ गया है। लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका ने बताया कि उनकी टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स कहलाएगी। गोयनका ने बताया कि उन्होंने टीम का नाम लोगों के बीच चलाए गए कैंपेन के नतीजे के आधार पर रखा है।
7090 करोड़ रूपए में खरीदी है टीम
आरपी संजीव गोयनका ग्रुप ने 7090 रूपए की बड़ी बोली लगाकर लखनऊ फ्रेंचाइजी खरीदी है। यह नीलामी अक्टूबर में हुई थी। एक अन्य टीम अहमदाबाद की है। इसे ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म सीवीसी कैपिटल ने खरीदा है।
केएल राहुल हैं लखनऊ के कप्तान
लखनऊ फ्रेंचाइजी ने अगले सीजन के लिए टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर केएल राहुल को कप्तान बनाने का फैसला लिया है। राहुल पिछले सीजन में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे। लखनऊ ने राहुल को 17 करोड़ रूपए में अपने साथ जोड़ा है। उनके अलावा मार्कस स्टोइनिस और रवि विश्नोई भी टीम का हिस्सा हैं। बाकी खिलाड़ी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरू में होने वाले मेगा ऑक्शन में खरीदे जाएंगे।