इंफाल (एजेंसी)। मणिपुर के अगला मुख्यमंत्री का नाम अब साफ हो गया है। मणिपुर भाजपा विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया है। बीरेन सिंह अब लगातार दूसरी पर राज्य में सत्ता की बागडोर अपने हाथ में लेंगे। रविवार को भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और किरेन रिजिजू की मौजूदगी में हुई बैठक में बीरेन सिंह के नाम पर मुहर लगाई गई। हालांकि, शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बीरेन सिंह के नाम के एलान के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह सभी की सर्वसम्मति से लिया गया एक अच्छा निर्णय है। यह सुनिश्चित करेगा कि मणिपुर में एक स्थिर और जिम्मेदार सरकार हो जो आगे निर्माण करेगी क्योंकि केंद्र आज प्र.म. मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्यों पर विशेष ध्यान देता है।
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एन बीरेन सिंह को सर्वसम्मति से मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फिर से चुने जाने पर ट्वीट कर बधाई दी।
इससे पहले पूर्वोत्तर राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा के लिए दिल्ली में शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर एक अहम बैठक हुई थी। बैठक में मणिपुर भाजपा के वरिष्ठ विधायक टी बिस्वजीत राणे, गोवा के कार्यवाहक सीएम प्रमोद सावंत, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा मौजूद थे। बीरेन सिंह भी दिल्ली पहुंचे थे।
राजभवन से आया सरकार बनाने का न्यौता
इस बीच मणिपुर के राज्यपाल एल गणेशन ने भाजपा विधायक दल के नेता और कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। राजभवन द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने सिंह को भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में मंत्रिमंडल गठित करने को लेकर समय और तारीख से अवगत कराने के लिए आमंत्रित किया है।