वाशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका में रविवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। डेनवर से होनोलुलु जा रहे बोइंग 777 के इंजन में उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही आग लग गई। उस वक्त विमान 15 हजार फीट की ऊंचाई पर था। पायलट की सूझबूझ से हादसा टल गया। उसने तुरंत कंट्रोल स्टेशन को मैसेज किया और वापस डेनवर में विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली। विमान में 231 पैसेंजर्स और 10 क्रू मेंबर्स थे। इस विमान में दो प्रैट एंड व्हिटनी इंजन लगे थे। आग दाहिने इंजन में लगी। धीरे-धीरे पार्ट्स जलकर गिरने लगे। पायलट को भरोसा था कि वह अनहोनी को टाल देगा।
प्लेन में बैठे पैसेंजर ने जलते इंजन का वीडियो बनाया
प्लेन के इंजन में आग लगते ही फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पायलट ने उन्हें हिम्मत बंधाई। साथ ही कहा कि वह सुरक्षित लैंडिंग की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। एक पैसेंजर ने जलते हुए इंजन का वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर शेयर करते ही यह वायरल हो गया।
धमाके के बाद विमान लगातार नीचे आ रहा था
एक यात्री डेविड डेल्युसिया ने डेनवर पोस्ट को बताया- मैं ईमानदारी से कह रहा हूं कि किसी पॉइंट पर जाकर हम मरने वाले थे। ऐसा सोचने की वजह भी थी। धमाके के बाद हम लगातार ऊंचाई से नीचे की तरफ आते जा रहे थे। आग से विमान के अंदर भी गर्मी बढऩे लगी थी।
2018 में भी बोइंग 777 का इंजन फेल हुआ था
यह विमान करीब 26 साल पुराना था। इसमें दो प्रैट एंड व्हिटनी इंजन लगे थे। फरवरी 2018 में भी बोइंग 777 के एक पुराने विमान का इंजन फेल हो गया था। तब भी कम समय में ही सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई थी।