नई दिल्ली (एजेंसी)। साल 2022 की शुरूआत खुशखबरी के साथ हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल (आईओसी) ने लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। इंडियन ऑयल ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 100 रू. की कटौती कर दी है, इससे लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इससे पहले पिछले साल दिसंबर महीने में इंडियन ऑयल ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे। दिसंबर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के भाव में 100 रू. की वृद्धि की गई थी। आम लोगों के लिए राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में उस वक्त कोई बदलाव नहीं किया गया था।
कारोबारियों को मिलेगी राहत
कमर्शियल सिलेंडर के भाव में कमी करने से रेस्टोरेंट और होटल चलाने वाले कारोबारियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इंडियन ऑयल द्वारा कमर्शियल सिलेंडर के भाव में की गई 100 रू. की कटौती के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2001 रू. हो गई है। मुंबई में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1951 रू. हो गई है।
घरेलू एलपीजी के रेट
घरेलू एलपीजी की कीमत में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है। आखरी बार पिछले साल अक्टूबर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के भाव बढ़ाए गए थे। दिल्ली और मुंबई में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 899.50 रू. है।