जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा-आरएसएस पर जमकर निशाना साधा है। सीएम गहलोत ने भाजपा से पूछा, ‘क्या हम राष्ट्रवादी और हिंदू नहीं है?’ सीएम गहलोत ने कोटपूतली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा षड्यंत्र कर रही है। देश के अंदर खतरनाक माहौल बना दिया है। आज के ही दिन पूर्व प्र.म. राजीव गांधी की हत्या हुई थी। इंदिरा गांधी ने प्र.म. पद पर रहते हुए जान दे दी, लेकिन खालिस्तान नहीं बनने दिया। कांग्रेस का इतिहास कुर्बानी, त्याग और बलिदान का रहा है। कांग्रेस में देशभक्ति का जज्बा है, लेकिन आज देश का माहौल अलग है। देश में आज लोकतंत्र खतरे में है। देश में हर जगह दंगे हो रहे हैं।
देश के अंदर माहौल बहुत खतरनाक बना दिया
कोटपूतली में कांग्रेस सेवादल की आजाद गौरव यात्रा को संबोधित करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान का इतिहास वीरता और बलिदान का रहा है। भाजपा हिंदू राष्ट्र और हिदुत्व की बात करती है। लेकिन भाजपा ने देश के अंदर माहौल बहुत खतरनाक बना दिया है। सीएम गहलोत ने एक कार्टून का जिक्र करते हुए कहा कि महंगाई कह रही है कि अभी आप हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बात कर लीजिए। मैं इंतजार करूंगी की मेरी बात कब करते हो। भाजपा महंगाई और बेरोजगारी की बात नहीं करती है। इस बात की चर्चा करते हैं कि राजस्थान की सत्ता में कब आएंगे। सीएम ने कहा कि देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। चीन भारत की सीमा पर कब्जा कर रहा है, कई गांव बसा लिए। ईआरसीपी प्रोजेक्ट पर कुछ नहीं बोलेंगे। 13 जिले प्रभावित हो रहे हैं। लेकिन कोई चिंता नहीं है। प्र.म. मोदी कई बार घोषणा कर चुके हैं। लेकिन कुछ नहीं कर रहे हैं।