जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। राजस्थान में अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद सोमवार दोपहर मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। गोविंद सिंह डोटासरा के पास रहा शिक्षा विभाग बीडी कल्ला को दिया गया है। रघु शर्मा के पास रहा स्वास्थ्य विभाग परसादीलाल मीणा को दिया है। शांति धारीवाल के पास यूडीएच, ससंदीय कार्य, लीगल सहित सभी विभाग पहले की तरह बरकरार रखे गए हैं। महेंद्रजीतसिंह मालवीय को जल संसाधन, इंदिरा गांधी नहर परियोजना मंत्रालय सौंपा गया है। विभाग बंटवारे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहले की तरह ही अपने पास 10 विभाग रखे हैं।
पुराने 5 कैबिनेट मंत्रियों का विभाग बरकरार
पुराने 5 कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्री से प्रमोट होकर कैबिनेट मंत्री बनी ममता भूपेश और 2 राज्य मंत्रियों के विभाग बरकरार रखे हैं। शांति धारीवाल के पास यूडीएच, ससंदीय कार्य, लालचंद कटारिया के पास कृषि, प्रमोद जैन भाया के पास खान गोपालन, उदयलाल आंजना के पास सहकारिता, शाले मोहम्मद के पास अल्वसंख्यक कल्याण विभाग बरकरार रखा है। राज्य मंत्री से प्रमोट होकर कैबिनेट मंत्री बनीं ममता भूपेश के पास महिला बाल विकास विभाग पहले के ही तरह हैं। राज्य मंत्री अशोक चांदना के पास खेल, युवा मामले पूर्ववत हैं। सूचना जनसंपर्क विभाग नया जोड़ा है। सुभाष गर्ग के पास तकनीकी शिक्षा, आयुर्वेद बरकरार रखकर दो विभाग नए जोड़े हैं।
5 कैबिनेट और 2 राज्य मंत्रियों के विभाग बदले
तीन पुराने कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्री से कैबिनेट प्रमोट हुए दो मंत्रियों को मिलाकर 5 कैबिनेट मंत्रियों के विभाग बदले हैं। बीडी कल्ला से ऊर्जा, पीएचईडी लेकर उसकी जगह शिक्षा, प्रतापसिंह खाचरियावास को परिवहन की जगह खाद्य विभाग, परसादीलाल मीणा को उद्योग की जगह स्वास्थ्य विभाग दिया है।