निम्बाहेड़ा में महिला से मोबाइल छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की बाइक
कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने नेहरू गार्डन के पीछे हुई मोबाइल लूट की वारदात का खुलासा कर दोनों आरोपियों को चोरी के फोन और मोटरसाइकिल सहित दबोचा।

निम्बाहेड़ा शहर में राह चलती महिला से मोबाइल छीनकर फरार होने की वारदात का कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो एच.एफ. डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 17 मई 2026 को प्रार्थीया निकिता जाजोरिया, हाल एलडीसी न्यायालय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-02, निम्बाहेड़ा ने कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह शाम करीब 7.15 बजे अपनी सहेली के साथ पैदल बाजार जा रही थी। उसके हाथ में रियलमी 12, 5जी मोबाइल फोन था। इसी दौरान उदयपुर रोड स्थित नेहरू गार्डन के पीछे आदर्श कॉलोनी रोड पर पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और उसे धक्का देकर गिरा दिया। गिरने से उसकी कोहनी में चोट आई तथा आरोपी उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं पुलिस उपाधीक्षक बद्रीलाल राव के निर्देशन में थानाधिकारी रामसुमेर मीना द्वारा एएसआई देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल हरविन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल हेमन्त कुमार और धर्मेन्द्र कुमार की टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने अज्ञात आरोपियों की संदिग्ध ठिकानों पर तलाश की। सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर रविवार को आरोपी हर्षित माली पुत्र राजु जी माली, उम्र 21 वर्ष, निवासी शिव कॉलोनी, ढाबेश्वर रोड, जावद दरवाजा, निम्बाहेड़ा तथा देवेन्द्र उर्फ सन्नी जाट पुत्र मदन लाल जाट, उम्र 21 वर्ष, निवासी जाटों का मोहल्ला, आजाद चौक, निम्बाहेड़ा, थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया रियलमी 12, 5जी मोबाइल फोन बरामद किया तथा वारदात में प्रयुक्त एच.एफ. डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पुलिस आरोपियों से थाना सर्कल क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों एवं माल मशरूका के संबंध में विस्तृत अनुसंधान कर रही है।
राह चलती महिला से मोबाइल छीनने जैसी वारदात का त्वरित खुलासा कर पुलिस ने न केवल आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश भी दिया है। अब जांच के दौरान अन्य प्रकरणों में भी महत्वपूर्ण खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
