नई दिल्ली/ चंडीगढ़ (एजेंसी)। आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरङ्क्षवद केजरीवाल ने पंजाब में पार्टी मिली ऐतिहासिक जीत पर राज्य की जनता को बधाई देते हुये कहा है कि इतने बड़े जनादेश से डर भी लगता है लेकिन उसकी अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर पूरा उतरेंगे।
पंजाब में पार्टी की बड़ी जीत पर दिल्ली से उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में केजरीवाल ने कहा कि राज्य की राजनीति में ये परिणाम एक बड़ा इंकलाब है। बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गईं हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह और राजेंद्र कौर भठ्ठल, सुखबीर सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम सिंह मजीठिया जैसे दिग्गज नेताओं को राज्य की जनता ने करारी हार दी है।
उन्होंने कहा कि वास्तव में राज्य की जनता ने कमाल कर दिया है। यह बड़ा इंकलाब है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा, हमें अंहकार नहीं करना है। प्यार,मोहब्बत और सेवा की राजनीति करनी है।
वहीं, आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा भगवंत मान ने धूरी विधानसभा सीट से बड़े अंतर से जीत हासिल करने और राज्य में पार्टी की जीत की सुनामी के लिये पंजाबियों का आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है।
मान ने अपने निवास पर उमड़ी जनता को सम्बोधित करते हुये कहा कि जनता ने अपनी जिम्मेदारी निभा दी है और अब जिम्मेदारी निभाने की उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने वोट दिया और जिन्होंने नहीं दिया उनका भी धन्यवाद।