Haryana को मिला नया जोश; Assembly में गूंजा नारा!

हरियाणा को मिला अपना पहला राज्य गीत; विधानसभा में गूंजा "जय जय जय हरियाणा

Pratahkal    29-Mar-2025
Total Views |
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 
हरियाणा विधानसभा ने बजट सत्र के अंतिम दिन, शुक्रवार (28 मार्च 2025), को ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 'जय जय जय हरियाणा' को आधिकारिक राज्य गीत के रूप में अपनाने की घोषणा की। सदन में इस प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित किया गया, जिसके बाद पूरे विधानसभा में इस गीत की गूंज सुनाई दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीत के निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार जताया और कहा कि यह गीत हरियाणा के 2.80 करोड़ नागरिकों के लिए प्रेरणादायक होगा। उन्होंने इसे प्रदेश की प्रगति, विकास और मूल्यों का प्रतीक बताते हुए राष्ट्रगान के समान दिशा-निर्देश तैयार करने का सुझाव दिया।
 
पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने रखा था प्रस्ताव :
 
हरियाणा का राज्य गीत बनाने का प्रस्ताव सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पिछले वर्ष विधानसभा में रखा था। सीएम सैनी ने बताया कि इस गीत को सदन में बजाया गया था, जिसके बाद सदस्यों के सुझावों के आधार पर इसका अंतिम संस्करण तैयार किया गया और अब इसे आधिकारिक रूप से अपना लिया गया है।
 
अनिल विज ने दी बड़ी सलाह :
 
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने सुझाव दिया कि राज्य गीत की एक प्रति हर विधानसभा सदस्य को दी जाए, ताकि वे इसे याद कर सकें और सही भावना से गा सकें। उन्होंने कहा, "जिस तरह राष्ट्रगान 'जन गण मन' को याद करके गाया जाता है, उसी तरह इस गीत को भी उतनी ही श्रद्धा और आदर के साथ गाया जाना चाहिए।"
 
गीत के रचनाकार डॉ. बालकिशन शर्मा :
 
हरियाणा 1966 में एक अलग राज्य बना था, लेकिन अब तक उसका कोई आधिकारिक राज्य गीत नहीं था। पानीपत के डॉ. बालकिशन शर्मा द्वारा लिखित गीत 'जय जय जय हरियाणा' को अब राज्य गीत का दर्जा मिल गया है। इसे अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हुए डॉ. बालकिशन ने कहा कि यह गीत हरियाणा की मिट्टी, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। इस फैसले के साथ हरियाणा ने एक नई सांस्कृतिक पहचान हासिल कर ली है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत बनेगी।