एम.ई.टी. एवं एच.टी.एस.- 2024 प्रदर्शनी का समापन

07 Sep 2024 13:47:42

Pratahkal-M.E.T. and HTS-2024

मुंबई । 4 से 6 सितंबर तक आयोजित ‘एम.ई.टी. एवं एच.टी.एस.-2024 (MET and HTS-2024) का 6 सितंबर को सफल समापन हो गया। मुंबई में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में भारतीय रेल (Indian Railways) के उत्पादन ईकाईयों में आई.सी.एफ , आर.सी.एफ, आर.डब्ल्यू.एफ, सी.एल. डब्ल्यू, पी.एल.डब्ल्यू, आर.डी.एस.ओ के साथ आरेडिका रायबरेली ने महत्वपूर्ण उत्पादों का प्रदर्शन एवं जानकारी देकर देश एवं विदेश के उद्यमियों के साथ विचार विमर्श कर उनकी भागीदारी हेतु आकर्षित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) एस.के. पंकज ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली के स्टॉल सहित रेलवे के सभी उत्पादन इकाईयों एवम अन्य स्टालों का निरीक्षण किया।
इस प्रदर्शनी में मुख्य रूप से मैटेरियल्स (सामग्री) और हीट ट्रीटमेंट शो (एच.टी.एस) से संबंधित नई तकनीकों, नवाचारों और समाधानों के साथ ही नए और उन्नत मैटेरियल्स की जांच और परीक्षण के लिए आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
इस प्रदर्शनी में रेल मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, इस्पात मंत्रालय, डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, डिपार्टमेंट ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च, सहित लगभग 15 से अधिक देशों के 300 स्टॉल और 600 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) द्वारा कोच उत्पादन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। आरेडिका के स्टॉल में विभिन्न प्रकार के कोच मॉडल, इंफोग्राफिक्स, कोच को बनाने में प्रयुक्त मटेरियल और निर्यात किए जाने वाले कोच मॉडल को प्रदर्शित किया गया है, जिन्होंने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में औद्योगिक प्रतिनिधियों की अत्यधिक भागीदारी रही है।
आरेडिका के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर डिजाइन एस पी गोविल, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक डॉ. संजय निगम एवं जनसंपर्क अधिकारी अनिल श्रीवास्तव ने उद्यमियों को डिजाइन उत्पाद एवं वेण्डर रजिस्ट्रेशन तथा आरेडिका के कोच उत्पादन एवम सामग्री खरीद से संबंधित विभिन्न क्रियाकलापों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। सामग्री इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी एवं ताप उपचार से संबंधित अनेक जानकारियां वैज्ञानिकों एवं इंजीनियर्स द्वारा अपने वक्तव्य में दी गई।
Powered By Sangraha 9.0