हरियाणा में हार के बाद बिखर रहा 'इंडिया' ब्लॉक ?

21 Oct 2024 11:52:05

haryana election 
 
रांची (एजेंसी)। लोकसभा चुनावों (Loksabha Election) में कांग्रेस (Congress) का प्रदर्शन सुधरा तो इंडिया ब्लॉक में शामिल दलों के साथ सीट शेयरिंग के मुद्दे पर उसकी बारगेनिंग पॉवर भी बढ़ी थी। लेकिन हरियाणा (Haryana) विधानसभा चुनाव (Vidhansabha Election) में लगे झटके के बाद कांग्रेस को अपने सहयोगियों से प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा मालूम पड़ रहा है कि इंडिया ब्लॉक की एकता और अखंडता खतरे में है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) और शिवसेना यूबीटी (Shiv Sena UBT) ने कांग्रेस पर तंज कसा था और अतिआत्मविश्वासी नहीं होने की सीख दे डाली थी।
 
अब झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले इंडिया ब्लॉक में शामिल प्रमुख सहयोगी दल राष्ट्रीय जनता दल ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजद ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस द्वारा राज्य की 81 में से 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा को लेकर शनिवार को निराशा जताई थी। वहीं रविवार को आरजेडी सांसद मनोज झा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कह दिया कि हमें झारखंड में 12-13 सीटों से कम स्वीकार नहीं है। झा ने कहा, झारखंड में 18-20 सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल की मजबूत पकड़ है और 12-13 सीटों से कम हमें कबूल नहीं है। हमारा एकमात्र उद्देश्य भाजपा को हराना है। झारखंड में अगर हम अकेले भी चुनाव लड़ेंगे तो इंडिया ब्लॉक को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे और 60-62 सीटों पर कांग्ग्रेस-झाममो उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे। राजद ने झारखंड (Jharkhand) में कम से कम 15 से 18 ऐसी सीटों की पहचान की है जहां वह अपने दम पर भारतीय जनता पार्टी को मात दे सकती है। 2019 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी (RJD) ने सात सीटों पर चुनाव लड़ा था और एक सीट जीती थी। पांच सीटों पर वह दूसरे स्थान पर रही थी।
 
प्रभाव वाली सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी राजद
 
राजद नेता ने कहा, हमने आपके (मीडिया) माध्यम से सब कुछ सामने रख दिया है, क्योंकि हमें विश्वास है कि हम यह लड़ाई जीतेंगे। अगर हम एकजुट रहेंगे तो जीतेंगे। यदि हम कुछ सीटों पर चुनाव लड़ते हैं, जिनका हमने पहले उल्लेख किया है, तब भी हम उस विकल्प (इंडिया ब्लॉक) का हिस्सा होंगे जो भाजपा के खिलाफ है। हमारी राजनीति साफ है... नैया डूबने नहीं देंगे, अंत तक प्रयास करेंगे... सीएम हेमंत सोरेन होंगे। हम 60-62 सीटों पर आपकी (कांग्रेस- झामुमो) खुलकर मदद करेंगे... लेकिन 2014 और 2019 में जहां भी हमारे उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे, और जहां भी हाल में हमारी पार्टी का प्रभाव बढ़ा है, हम वहां आएंगे (वहां पार्टी के उम्मीदवार उतारेंगे)... सीटवार विवरण जल्द साझा करेंगे।
Powered By Sangraha 9.0