एक मंच पर दिखे पंकजा मुंडे और उनके चचेरे भाई धनंजय

07 Dec 2023 08:56:44

Pratahkal-Pankaja Munde and her cousin Dhananjay Munde seen on a stage-Beed-Maharashtra
 
 
मुंबई । भाजपा (BJP) के वरिष्ठ नेता रहे गोपीनाथ मुंडे (Gopinath Munde) की पुत्री पंकजा मुंडे (Pankaja Munde) ने अपने गृहक्षेत्र परली में अपने चचेरे भाई एवं राज्य सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे (Dhananjay Munde) के साथ मंच साझा किया। इस सरकारी कार्यक्रम ‘शासन आपके द्वार’ में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) एवं दोनों उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और अजीत पवार (Ajit Pawar) भी मंच पर उपस्थित थे। पिछले विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) में भाजपा उम्मीदवार के रूप में पंकजा को अपने चचेरे भाई एवं राकांपा उम्मीदवार धनंजय मुंडे से ही पराजित होना पड़ा था। वह अपनी हार का ठीकरा परोक्ष रूप से देवेंद्र फडणवीस पर फोड़ती रही हैं। भाजपा में उन्हें राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बावजूद वह भाजपा नेतृत्व पर अपनी उपेक्षा का आरोप लगाती रही हैं। राजनीति में उनके शुभचिंतक एकनाथ खडसे अब भाजपा छोड़कर राकांपा शरद पवार गुट में हैं। वह भी भाजपा में पंकजा की उपेक्षा का जुमला उछालते रहते हैं। कई बार अफवाहें उड़ चुकी हैं कि पंकजा भाजपा छोड़कर राकांपा (NCP) शरद पवार (Sharad Pawar) गुट या शिवसेना उद्धव गुट में जा सकती हैं। लेकिन मंगलवार को समीकरण बदले-बदले नजर आए। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए पिछले कुछ महीनों से ‘शासन आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न जिलों में किया जा रहा है। मंगलवार को यह कार्यक्रम पंकजा और धनंजय मुंडे के चुनाव क्षेत्र परली में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के लिए क्षेत्र में लगे भाजपा के पोस्टरों पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ पंकजा मुंडे का चित्र भी नजर आ रहा था। उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित भी किया गया था। इसे भाजपा संगठन से पंकजा की नाराजगी दूर के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
 

Powered By Sangraha 9.0