भीलवाड़ा (प्रात:काल संवाददाता)। भीलवाड़ा में कोरोना की रफ्तार अब बढऩे लगी है। पिछले महीने में एक दिन में अधिकतम चार लोग पॉजिटिव पाए गए थे लेकिन शनिवार को नए साल के पहले दिन एक ही परिवार के पांच जनों सहित नौ लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने से चिकित्सा विभाग सकते में आ गया है। इनमें से एक महिला ओमिक्रॉन संक्रमित पाई गई है। आरआरटी टीम प्रभारी डॉ. घनश्याम चावला ने बताया कि शनिवार को भीलवाड़ा में 9 पॉजिटिव सामने आए हैं। इनमें पांच तो एक ही परिवार से हैं। ये पूर्व में आरसी व्यास निवासी युवक, जो मुंबई से आया था, के परिवार के हैं। इनके अलावा अंशल सुशांत सिटी निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति है जो 28 दिसंबर को पूर्व पॉजिटिव के कांटेक्ट में आया था। इसके बाद उसने जांच कराई जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सातवां पॉजिटिव 59 वर्षीय व्यक्ति है जो नवकार रेजिडेंसी निवासी है। आठवां पॉजिटिव शास्त्री नगर निवासी एक पुरुष है जो रेंडम सैंपलिंग में पॉजिटिव पाया गया है। इन सभी आठों लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। नौवीं पॉजिटिव एक महिला है जो हिंदुस्तान जिंक में कार्यरत है। डॉ. चावला ने बताया कि 36 साल की यह महिला ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाई गई है। महिला का पति एसीसी कंपनी में कार्यरत है। महिला को हुरड़ा के एक होटल में क्वारंटाइन किया गया है।