नई दिल्ली (एजेंसी)। हज की तमन्ना रखने वाले साठ वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्ग इस बार मक्का शरीफ और मदीने में रसूल पाक का दर देख सकेंगे। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने इस हज के लिए 70 वर्ष तक के बुजुर्गों को आवेदन करने की स्वीकृति दी है। हालांकि, 2022 हज यात्रा के लिए अंतिम निर्णय सऊदी अरब सरकार करेगी। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर वर्ष 2021 में सऊदी अरब सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरुषों के लिए हज यात्रा प्रतिबंधित कर दी थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोरोना के केस नहीं थमने पर अंतिम समय में विदेशियों के लिए हज प्रतिबंधित कर दिया गया था। अब सऊदी अरब सरकार ने 2022 के लिए सभी देशों से आवेदन मांगे हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने वर्ष 2022 के आवेदन के लिए अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 निर्धारित की है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार अभी तक मंडल से करीब दो सौ लोगों ने हज के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। इनमें 12 आवेदक 65-70 आयु वर्ग के बीच के हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय ने बताया कि 31 जनवरी के बाद मंडल के कुल आजमीने हज की संख्या ज्ञात हो सकेगी। जिन आजमीने हज के आवेदन स्वीकार होंगे उन्हें शुल्क जमा करवाने के लिए सूचना भेजी जाएगी।