नई दिल्ली (एजेंसी)। अप्रैल के पहले ही दिन ग्राहकों को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 250 रूपये की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ोतरी 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर में की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 2253 रूपये का हो गया है। हालांकि घरेलू रसोई गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें 10 दिन पहले 50 रूपये की बढ़ोतरी की गई थी। कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से अब बाहर खाना महंगा हो सकता है। दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर एक मार्च को दिल्ली में 2012 रूपये में रीफिल हो रहा था। 22 मार्च को इसकी कीमत घटकर 2003 रूपये पर आ गई थी। लेकिन आज इसमें फिर से बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली में इसे रीफिल करवाने के लिए 2253 रूपये खर्च करने होंगे। वहीं मुंबई में अब यह 1955 रूपये की जगह 2205 रूपये में मिलेगा। पिछले दो महीने में 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 346 रूपये की बढ़ोतरी हुई है। एक मार्च को 19 किलो वाले कामर्शियल सिलेंडर के रेट में 105 रूपये का इजाफा हुआ था जबकि 22 मार्च को 9 रूपये सस्ता हुआ।