- कई वरिष्ठ नेता लड़ सकेंगे चुनाव
- प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उदयपुर आए सैनी का जोरदार स्वागत
- कटारिया सहित कई नेताओं को मिलेगा टिकट
- कई कार्यक्रमों में की शिरकत, जगह-जगह पर जोरदार स्वागत
उदयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उदयपुर आए राज्यसभा सांसद मदनलाल सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उन लोगों को भी टिकट दिया जाएगा, जो उम्रदराज तो हो चुके है, परन्तु फिट है। सैनी के बयान पर मेवाड़ के कई ऐसे नेता जो, कि भाजपा संगठन द्वारा निर्धारित उम्र के आंकड़ों से आगे निकल गए है, उन्हें भी टिकट मिलेगा। संभाग में कटारिया सहित ऐसे कई नेता है जो पुन: चुनाव लड़ सकेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद मदनलाल सैनी पहली बार उदयपुर आए। उदयपुर आने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मदनलाल सैनी सुबह करीब सात बजे ट्रेन से सिटी स्टेशन पर उतरे। जहां पर भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष गुणवंतसिंह झाला और शहर अध्यक्ष दिनेश भट्ट के साथ-साथ कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे। सभी नेताओं ने मदनलाल सैनी का जोरदार स्वागत किया। पहली बार आने पर कार्यकर्ताओं ने मदनलाल सैनी को फूल-मालाओं से लाद दिया। स्टेशन पर सुबह से ही सैंकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
दोपहर को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि इस बार ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मौका मिलेगा। कई ऐसे युवा जो कई समय से अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय है उन्हें टिकट दिया जाएगा और जो चुनाव जीतने के बाद निष्क्रिय हो चुके है, उन्हें टिकट नहीं दिया जाएगा। सैनी ने चुनाव लडऩे में उम्र का निर्धारण करने पर स्पष्ट रूप से कहा कि जो नेता ज्यादा उम्र के हो चुके है और इसके बाद भी अगर वे फिट है और अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय है उन्हें टिकट दिया जाएगा, ताकि वे जनता की सेवा कर सकें। इसके साथ ही मदनलाल सैनी ने बताया कि 4 अगस्त से मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में होने वाली सुराज गौरव यात्रा को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही है।
सुबह रेल्वे स्टेशन पर स्वागत करने में शहर भाजपाध्यक्ष दिनेश भट्ट, देहात अध्यक्ष गुणवंतसिंह झाला, वरिष्ठ नेता धर्मनारायण जोशी, ताराचंद जैन, के साथ-साथ शहर महामंत्री प्रेमसिंह शक्तावत, उपाध्यक्ष रजनी डांगी, मण्डल अध्यक्ष चंचल कुमार जैन, मनोहर चौधरी, अमृतलाल मेनारिया, नंदलाल वैद, अतुल चंडालिया के साथ-साथ युवा नेता प्रदीप श्रीमाली और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।बांसवाड़ा के पार्षदों ने की सभापति की शिकायत
इस मौके पर बांसवाड़ा से पार्षदों का एक दल गाड़ी लेकर आया और पार्षदों ने प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी से मिलकर सभापति की शिकायत की और उसे हटाने के लिए कहा। इस पर सैनी ने यात्रा में जी-जान से जुट जाने और बाद में इसका निर्णय करने का आश्वासन दिया।
मावली विधायक के खिलाफ आए कार्यकर्ता
प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी से मिलने के लिए मावली से भी कार्यकर्ता उदयपुर आए। कार्यकर्ताओं ने मावली विधायक दलीचंद डांगी की शिकायत कर बताया कि डांगी ने गांवों में कोई काम नहीं करवा रहे है। सेनी ने भी यात्रा के बाद का आश्वासन दिया।